अनूपपुर: चार हत्याओं के आरोपी के हाथ-पैर में रस्सी से बने घावों में हुआ इन्फेक्शन

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: चार हत्याओं के आरोपी के हाथ-पैर में रस्सी से बने घावों में हुआ इन्फेक्शन


अनूपपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के करनपठार थाना क्षेत्र में चार हत्याओं के आरोपी प्रेम सिंह गोंड को इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बुधवार की दोपहर जिला जेल अनूपपुर से जिला चिकित्सारलय लाया गया था। उसके हाथ-पैर में रस्सी से बंधने के कारण बने घावों में इन्फेक्शन फैल गया है।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर भेजने का फैसला किया। आरोपी को 4 अक्टूबर को गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किया गया था। तब न्यायाधीश ने घावों को देखकर पहले इलाज कराने का आदेश दिया था। जेल में रहने के दौरान भी उसके घावों में सुधार नहीं हुआ, बल्कि सड़न बढ़ती गई। डॉक्टरों के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने संभवतः लंबे समय से उसके हाथ-पैर बांध रखे थे, जिससे ये गहरे ज़ख्म बन गए।

ज्ञात हो कि प्रेम सिंह गोंड पर 3 अक्टूबर को अमोदा गांव में अपनी 70 वर्षीय नानी भन्नी बाई गोंड, 75 वर्षीय नाना संपत सिंह गोंड और 50 वर्षीय मां अनूपिया बाई की डंडे से पीटकर हत्या करने का आरोप है। इस दौरान युवक ने अपने मामा सहित उनकी दो अन्य बेटियों पर भी डंडे पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिनमें इलाज के दौरान शहडोल अस्पताल में 5 वर्षीय मुनका सिंह पिता चैन सिंह की मौत हो गई थी। जबकि इस घटना में शनिधाम मंदिर पुजारी गंगा सिंह सहित तीन अन्य लोग जिनमें मामा चैन सिंह के साथ 6 वर्षीय पुत्री कुमारी चंचल और 3 वर्षीय कुमारी भारती गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story