उज्जैन में 6 लाख की कार से कर रहा था शराब तस्करी, आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुलिस ने ग्राम रुनीजा मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान शराब तस्करी का बड़ा मामला पकड़ा है। 6 लाख रुपए कीमत की कार से शराब तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वाहन सहित करीब 7.13 लाख रुपए का माल जब्त किया है।
भाटपचलाना थाना पुलिस ने बताया की सोमवार को ग्राम सातरुण्डा से रुनीजा मार्ग पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कार क्रमांक एमपी-43 जेडजी-5449 को रोककर पुलिस ने चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम प्रेमसिंह उर्फ पिंटू पिता जीवनलाल निवासी ग्राम सिमलावदा थाना बिलपांक जिला रतलाम बताया। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो कार में व्हिस्की की 60 बोतल, 144 क्वार्टर और देशी शराब की 4 पेटी में रखे 200 क्वार्टर बरामद किए गए। इस तरह कुल 106 बल्क लीटर देशी-विदेशी शराब जब्त की गई। बरामद शराब की कीमत करीब 1 लाख 13 हजार रुपए आंकी गई है।
7 लाख 13 हजार का माल जब्त
पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में उपयोग की जा रही मारुति इक्को कार भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई जा रही है। इस तरह कुल 7 लाख 13 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी प्रेमसिंह उर्फ पिंटू को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

