राजगढ़ः सब्जी मंडी से गांव लौट रहे बाइक सवार की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सब्जी मंडी से गांव लौट रहे बाइक सवार की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत


राजगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर ग्राम चतुरुखेड़ी जोड़ के समीप शनिवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। संयोग से घटनास्थल से गुजर रहे बस चालक ने भीड़ देखकर बस रोकी तो घायल युवक उनका ही बेटा निकला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद षव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार, ग्राम उदनखेड़ी निवासी अभिषेक (22) पुत्र घनश्याम पुष्पद सारंगपुर सब्जी मंडी से फुट की पोटली लेकर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान चतुरुखेड़ी जोड़ के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अभिषेक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान अभिषेक के पिता घनश्याम पुष्पद बस लेकर पचोर से सारंगपुर की ओर जा रहे थे। घटनास्थल पर भीड़ देखकर उन्होंने बस रोक दी। वहां खून से लथपथ युवक को देखा तो उसकी पहचान अपने बेटे अभिषेक के रूप में हुई। इसके बाद उन्होंने बस में सवार यात्रियों की मदद से बेटे को सारंगपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773881 Articles

Share this story