जबलपुर : तेज अंधड़ से योग स्थल पर बड़ा हादसा, विशाल बोर्ड गिरने से 3 मजदूर घायल

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : तेज अंधड़ से योग स्थल पर बड़ा हादसा, विशाल बोर्ड गिरने से 3 मजदूर घायल


जबलपुर, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गैरीसन ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों के बीच शनिवार शाम अचानक आए तेज अंधड़ ने अफरा-तफरी मचा दी। तेज हवा के झोंकों के कारण कार्यक्रम स्थल पर लगाया जा रहा विशाल ‘योगमय मध्य प्रदेश’ बोर्ड अचानक संतुलन खो बैठा और धड़ाम से नीचे गिर गया।

बोर्ड गिरने से वहां कार्य कर रहे तीन मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में भोपाल निवासी श्रमिक साजिब खान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दो अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाली हैं। इसे लेकर गैरीसन ग्राउंड में तैयारियां अंतिम चरण में चल रही हैं। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज अंधड़ के साथ आई हवाओं ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए जा रहे ढांचे को प्रभावित कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story