राजगढ़ः तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, ससुर-बहू की मौत, 16 वर्षीय किशोरी गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, ससुर-बहू की मौत, 16 वर्षीय किशोरी गंभीर


राजगढ़, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में बोडा रोड पर सोमवार की रात ग्राम गनियारी जोड़ के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार ससुर-बहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात ग्राम गनियारी जोड़ के समीप यह हादसा हुआ। कड़ियासांसी निवासी जीतमल (52)पुत्र सरमनसिंह सिसोदिया अपनी बहू निम्मोबाई (26) पत्नी अमन सिसोदिया और 16 वर्षीय जिया पुत्री गौतम सिसोदिया को बाइक से लेकर लौट रहे थे। बताया गया कि निम्मोबाई और जिया किसी अन्य स्थान से बस द्वारा नरसिंहगढ़-बोड़ा जोड़ पर उतरी थीं, जहां से उन्हें लेने जीतमल पहुंचे थे। लौटते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीतमल और निम्मोबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जिया गंभीर रूप से घायल हो गई।

सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नरसिंहगढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहां से जिया की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भोपाल रेफर कर दिया गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मामले में कार चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story