दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत, बालिका सहित दो गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत, बालिका सहित दो गंभीर घायल


राजगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर ग्राम नारायणगढ़ के समीप दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में 45 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार 19 वर्षीय युवक और 12 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर रेफर किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नारायणगढ़ निवासी बहादुरसिंह (45) पुत्र मानसिंह नायक शनिवार को बाइक से उपचार कराने ग्राम आसारेटा जा रहे थे। इसी दौरान नारायणगढ़ के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर बृजेश मालवीय पुत्र राधेश्याम मालवीय और 12 वर्षीय बालिका सवार थे।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सारंगपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद बहादुरसिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बृजेश और बालिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शाजापुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story