राजगढ़ः ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली नाले में गिरी, तीन की मौत, 13 गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली नाले में गिरी, तीन की मौत, 13 गंभीर घायल


राजगढ़ः ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली नाले में गिरी, तीन की मौत, 13 गंभीर घायल


राजगढ़,15 अप्रैल(हि.स.)। जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में पीपल्याकुलमी स्थित पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में ट्रॉली अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झालावाड़ रेफर किया गया। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे और मौके से वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार बीती रात ट्रैक्टर- ट्रॉली में सवार लोग ग्राम सांवलपुर से नयागांव शादी की रस्म में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पीपल्याकुलमी के पास एलएनटी मशीन ले जा रहे ट्रक (एमपी 09 एचजी 6353) ने ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली के पहिए अलग हो गए और वह नाले में जा गिरी।हादसे में कबूबाई (60)पत्नी लालसिंह गुर्जर निवासी कचनारिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सलोनी (10) और शिक्षक बालकिशन दांगी (40) निवासी माचलपुर ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस हादसे में पूजा (24), दिव्यांशी (11), पारीबाई (50), धर्मराज (18), मनीष, सुडीबाई, बरसीबाई, सुगनबाई, कृष्णाबाई, संपतबाई, ओमप्रकाश (25), सोनू (26) और जगदीश (30) गंभीर रुप से घायल हो गए, जबकि गायत्रीबाई (35) और उसके बेटे राकेश (16) को हल्की चोटें लगी।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, एसडीएम अंकिता जैन, एसडीओपी धर्मराज सिंह और बीएमओ डॉ. सुनील चौधरी अस्पताल पहुँचे और घायलों का हाल जाना। घटनास्थल से ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हादसे के समय ट्रॉली में 35 से अधिक लोग सवार थे। प्रशासन ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और गंभीर घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story