जबलपुर : कुंड में सेल्फी लेते समय युवक पत्थरों के बीच गिरा, 108 की टीम ने बचाया

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : कुंड में सेल्फी लेते समय युवक पत्थरों के बीच गिरा, 108 की टीम ने बचाया


जबलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कटंगी-सिंग्रामपुर मार्ग स्थित जोगन कुंड धाम के नजारा पॉइंट पर रविवार को सेल्फी लेते समय एक युवक पैर फिसलने से नीचे पत्थरों के बीच जा गिरा। हादसे में युवक घायल हो गया।

सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को दुर्गम रास्ते से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, गुबरा कटंगी निवासी 30 वर्षीय विजय सुभाष राय रविवार दोपहर जोगन कुंड धाम के नजारा पॉइंट पर पहुंचा था। छुट्टी का दिन होने के कारण यहां बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। विजय मोबाइल फोन से फोटो और सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर नीचे पत्थरों के बीच जा गिरा।

युवक के गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना 108 एम्बुलेंस को दी। एम्बुलेंस चालक और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता बेहद पथरीला और दुर्गम होने के कारण एम्बुलेंस वहां तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद 108 एम्बुलेंस के कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से पैदल ही घटनास्थल तक पहुंचकर घायल युवक को पत्थरों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला।

युवक की स्थिति को देखते हुए उसे स्पाइन बोर्ड पर लिटाकर सावधानीपूर्वक मुख्य मार्ग तक लाया गया। इसके बाद उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई और उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story