जबलपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 10 वर्षीय बालिका की मौत, चार गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 10 वर्षीय बालिका की मौत, चार गंभीर


जबलपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मझौली-सिहोरा रोड पर सोमवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में 10 वर्षीय बालिका पल्लवी श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोसलपुर निवासी चंदन विश्वकर्मा अपनी मोटरसाइकिल पर वर्षा श्रीवास और 10 वर्षीय पल्लवी श्रीवास को बैठाकर सुहासिनी माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। उनकी बाइक सोनवानी गांव से मझौली की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

दूसरी बाइक पर डूंगरिया निवासी सावन गोटिया, नीरज कोल और विनय पाल सवार थे।

बताया गया है कि वे माता के दर्शन कर घर लौट रहे थे। दोनों मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें पल्लवी श्रीवास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल रेफर

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मझौली थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों गंभीर घायलों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जबलपुर मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763711 Articles

Share this story