अज्ञात वाहन की टक्कर से 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत, पुलिस जांच में जुटी
राजगढ़, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा ग्राम पीलूखेड़ी स्थित यात्री प्रतीक्षालय के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान रतनलाल प्रजापति के रूप में हुई है। हादसा इतना गंभीर था कि उनके सिर में गहरी चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इस मामले में मृतक के बेटे सुनील प्रजापति की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

