भिंड: पंडोखर सरकार से लौट रहे श्रद्धालु का तार से कटा गला

WhatsApp Channel Join Now
भिंड: पंडोखर सरकार से लौट रहे श्रद्धालु का तार से कटा गला


भिंड, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के फूफ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दतिया स्थित पंडोखर सरकार के दर्शन कर घर लौट रहे बाइक सवार श्रद्धालु की खेत में फैले झटका मशीन के तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक चला रहे व्यक्ति का गला तार से कट गया और उसने अपने बेटे के सामने ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान 52 वर्षीय अवधेश यादव के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के तिलक खंगार गांव के निवासी थे। उनके साथ 18 वर्षीय बेटा नितिन यादव भी बाइक पर सवार था, जिसे हादसे में मामूली चोटें आई हैं।

खेत से सड़क पर खिंचा तार बना मौत की वजह

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब सवा नौ बजे अवधेश यादव अपने बेटे के साथ भदाकुर रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे एक किसान खेत में इस्तेमाल होने वाली झटका मशीन का पतला तार समेट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तार को झटका देते समय वह पास से गुजर रहे ट्रैक्टर में उलझ गया और अचानक सड़क की ओर खिंच गया। उसी समय वहां से गुजर रही बाइक सीधे तार की चपेट में आ गई। तेज गति से खिंचे तार ने अवधेश यादव के गले को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और अवधेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान बाइक पर पीछे बैठे बेटे नितिन ने अपने पिता को तड़पते देखा। कुछ ही क्षणों में उसकी आंखों के सामने पिता ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अवधेश यादव के परिवार में पत्नी मीना यादव और बेटे नितिन हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और फूफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। फूफ थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story