राजगढ़ः अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत, गुस्साए परिजनों ने किया हाइवे जाम
राजगढ़, 17 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नेशनल हाईवे 52 पर देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में सिविल अस्पताल तिराहा के समीप शुक्रवार शाम सड़क हादसे में मां और उसके एक वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा देवर और चार साल की बच्ची घायल हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने हाइवे पर शव रखकर करीब आधे घंटे तक यातायात रोक दिया। सूचना मिलते ही देहात और सिटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार, मोया गांव निवासी अनिल (25)पुत्र रामलाल वर्मा अपनी भाभी सुमित्रा बाई (25) पत्नी सुनील वर्मा,एक वर्षीय भतीजे कान्हा और भतीजी अनुष्का(4) साल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ला रहा था। शाम करीब 6 बजे जैसे ही उनकी बाइक अस्पताल रोड की ओर मुड़ने लगी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अनिल और अनुष्का सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए, जबकि सुमित्रा और बच्चे की ट्रक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोप लगाया कि ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। आक्रोशित परिजनों ने हाइवे पर शव रखकर जाम लगाया, जिससे करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया। मृतक सुमित्रा के देवर अनिल ने बताया कि कान्हा की तबीयत खराब होने पर अस्पताल ले जा रहा था तभी हादसे का षिकार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

