राजगढ़ःदो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, पति-पत्नी सहित छह घायल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःदो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, पति-पत्नी सहित छह घायल


राजगढ़, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम ग्राम आगर जोड़ के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने- सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार छह लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार मलावर-आगर मार्ग पर यह दुर्घटना उस समय हुई जब दोनों बाइकें आमने-सामने आ गईं। एक बाइक पर नालियाखेड़ी निवासी रामस्वरूप(32)पुत्र रंगलाल प्रजापति, उनकी पत्नी कविता प्रजापति (30) तथा उनके 15 व 13 साल के दो बच्चे सवार थे। टक्कर में चारों घायल हो गए। दूसरी बाइक पर मलावर निवासी मोहन (40) पुत्र नन्नूलाल गुर्जर निवासी गुंजारी थाना मलावर और तेजसिंह पुत्र अमानसिंह गुर्जर सवार थे, जिन्हें भी गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 का स्टाफ मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया। पांच घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया गया, जबकि तेजसिंह को नरसिंहगढ़ अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी छह घायलों को भोपाल रेफर कर दिया। रामस्वरूप की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मोहन और तेजसिंह राजस्थान स्थित कामखेड़ा बालाजी मंदिर से दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे, जबकि रामस्वरूप अपने परिवार के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकें टकरा गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story