राजगढ़ः ट्रक से टकराया मिनी कंटेनर, पुलिस ने बचाई चालक की जान

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः ट्रक से टकराया मिनी कंटेनर, पुलिस ने बचाई चालक की जान


राजगढ़, 14 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के गुना नाका के समीप मंगलवार अल सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इंदौर से नोएडा की ओर जा रहा डाक पार्सल मिनी कंटेनर अचानक आगे चल रहे अज्ञात ट्रक से जा टकराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिसके कारण पीछे आ रहा कंटेनर अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे घुस गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन अंदर की ओर धंस गया। हादसे में चालक नेमसिंह (34), निवासी ग्राम फालैन, जिला मथुरा, सीट और बोनट के बीच बुरी तरह फंस गया। करीब एक घंटे तक वह केबिन में ही फंसा रहा और स्वयं बाहर निकलना संभव नहीं था। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक कपिल, नीरज और डायल-112 के जवान गोपाल यादव ने तुरंत रेस्क्यू कार्य शुरू किया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। घायल चालक को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story