जबलपुर : मैहर दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पुल के नीचे गिरी, 9 घायल
जबलपुर, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा थाना क्षेत्र के फोरलेन हाईवे पर ग्राम बरगी के समीप सोमवार दोपहर मैहर दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक कार अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार 9 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु मैहर से दर्शन कर तेंदूखेड़ा लौट रहे थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बरगी के पास अचानक कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे उतरकर पुल के नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की तथा पुलिस को सूचना दी।
दुर्घटना में श्रद्धा ठाकुर (17), द्रोपती धुर्वे (29), भूमि गोंड (9), रोशनी गोंड (26), अंजलि गोंड (24), सूर्यांश ठाकुर (7), सुषमा ठाकुर (34), पूजा ठाकुर (22) तथा घनश्याम ठाकुर (37), सभी निवासी तेंदूखेड़ा, घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

