राजगढ़ः खेत से लौट रहे पिता-पुत्र की ट्रेक्टर पलटने से मौत, गांव में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः खेत से लौट रहे पिता-पुत्र की ट्रेक्टर पलटने से मौत, गांव में पसरा मातम


राजगढ़, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुरा में शनिवार की रात खेत की जुताई कर ट्रेक्टर से घर लौट रहे पिता-पुत्र का वाहन तालाब की पाल के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कमल (45) पुत्र किशनलाल लवंशी और उसके बेटे संदीप (20) निवासी ग्राम हीरापुरा के रूप में हुई है। दोनों शनिवार रात खेत में जुताई का काम पूरा करने के बाद ट्रेक्टर लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव में तालाब के पास पहुंचते ही ट्रेक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि पिता-पुत्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पिता-पुत्र की अचानक मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन दोनों के शव लेकर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए पचोर अस्पताल पहुंचाए। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर संबंधित थाना बोड़ा को मामला सौंप दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से हीरापुरा गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770420 Articles

Share this story