जबलपुर : रानीताल में बेकाबू ई-बस ने दो लग्जरी कारों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला
जबलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में रानीताल पेट्रोल पंप के पास सोमवार दोपहर तेज रफ्तार ई-बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी दो कारों से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक एसयूवी का अगला हिस्सा और हेडलाइट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे ई-बस क्रमांक MP 20 XH 0269 रानीताल से यातायात तिराहा की ओर जा रही थी। रानीताल पेट्रोल पंप के पास खतरनाक मोड़ पर बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी एसयूवी MP 07 ZN 9520 तथा कार MP 20 XD 3056 को टक्कर मार दी।
हादसे में एसयूवी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों ने ई-बस को घेर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और ई-बस की रफ्तार कितनी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के बाद बस चालक ने तत्काल वाहन पर नियंत्रण कर उसे सड़क किनारे रोक दिया, जिससे स्थिति और गंभीर होने से बच गई। व्यस्त रानीताल क्षेत्र में हुए इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और वाहनों की रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

