सागर: दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में डायल-112 के पायलट की मौत, एक घायल
सागर, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चनौआ के पास बुधवार रात दो बाइकों की आमने-सामने से हुई भीषण भिड़ंत में डायल-112 के पायलट (ड्राइवर) की जान चली गई। इस हादसे में दूसरी बाइक पर सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सागर निवासी सौरभ तिवारी गढ़ाकोटा थाने की डायल-112 में पायलट के पद पर पदस्थ थे। बुधवार रात वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से वापस सागर जा रहे थे। जैसे ही वह चनौआ स्थित गोवर्धन ढाबे के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। सूचना मिलते ही गढ़ाकोटा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सौरभ तिवारी की मृत्यु हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार हेमंत नामक युवक की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है, जिसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने सौरभ के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया है।
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बताया कि बाइकों की भिड़ंत में डायल-112 के ड्राइवर समेत दो लोग गंभीर घायल हुए थे। दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाते समय सौरभ की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

