जबलपुर : एफसीआई के चावल से लदा ट्रक अचानक चला, चालक-मालिक की कुचलकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : एफसीआई के चावल से लदा ट्रक अचानक चला, चालक-मालिक की कुचलकर मौत


जबलपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में फ्लाईओवर ब्रिज के पास मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसे में एफसीआई के चावल से लदे ट्रक के चालक एवं मालिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हनुमानताल निवासी शेख इसराइल के रूप में हुई है। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार शेख इसराइल ट्रक में करीब 22 टन चावल लोड कर शहर से बाहर ले जाने की तैयारी में था। ट्रक खड़ा करने के बाद वह उसके सामने बैठकर आराम कर रहा था। इसी दौरान ट्रक अचानक चल पड़ा और शेख इसराइल उसकी चपेट में आ गया। ट्रक से कुचलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ट्रक आगे जाकर एक दीवार से टकराया, तब जाकर रुका।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मदनमहल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक के नीचे फंसे शेख इसराइल के शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

एएसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के अचानक ब्रेक फेल होने की आशंका सामने आई है, जिसके चलते ट्रक अपने आप चल पड़ा। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं ट्रक में शासकीय अनाज लदा होने के कारण उसे सुरक्षा की दृष्टि से मदनमहल थाने में खड़ा कराया जा रहा है। पुलिस ने यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए भी आवश्यक व्यवस्था की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story