जबलपुर में तेज रफ्तार कार दुकान में घुसी, एक की मौत, दो घायल
जबलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। जबलपुर में शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर दुकान में घुसने से दर्दनाक हादसा हो गया। कैंसर अस्पताल के गेट के सामने स्थित मैकल भोजनालय में कार के घुसने से दुकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि भोजनालय संचालक दुकान का पर्दा खोलकर रोजाना के काम की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे भोजनालय के अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान में मौजूद सामान और उसका एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कार से शराब की बोतलें मिलने की बात
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच की। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट से शराब की बोतलें मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद कार सवारों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कार चालक नशे में था या नहीं और दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाते हुए मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के समय कार की गति कितनी थी और चालक का वाहन पर नियंत्रण किस वजह से बिगड़ा, इन बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

