जबलपुरः तेज बारिश में उफनते नाले ने ली चालक की जान, रपटा पार करते बह गई बोलेरो

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः तेज बारिश में उफनते नाले ने ली चालक की जान, रपटा पार करते बह गई बोलेरो


जबलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बेलखेड़ा-बरमान मार्ग पर गुरुवार को लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई नाले और रपटे उफान पर आ गए, जिससे कई स्थानों पर आवागमन बाधित रहा। इसी दौरान बेलखेड़ा-बरमान रोड पर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब उफनते नाले के रपटे को पार करने की कोशिश में एक बोलेरो तेज बहाव में बह गई। हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कटाव के पास बने रपटे पर करीब तीन फीट ऊंचाई तक पानी बह रहा था। तेज बहाव को देखते हुए वहां मौजूद कई लोग पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक बोलेरो वहां पहुंची और चालक ने जोखिम उठाते हुए वाहन को रपटे पर उतार दिया। कुछ ही क्षणों में पानी के तेज बहाव ने बोलेरो को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन बहते हुए गहरे पानी में डूब गया।

बताया जा रहा है कि बोलेरो में चालक समेत चार कर्मचारी सवार थे। हादसे के दौरान तीन लोगों ने वाहन का कांच तोड़कर बाहर निकलते हुए अपनी जान बचा ली, लेकिन चालक सदर निवासी रवि पिल्ले वाहन के भीतर ही फंस गया। करीब तीन घंटे तक बोलेरो पानी में डूबी रही। जलस्तर कम होने के बाद ग्रामीणों ने राहत प्रयास शुरू किए और वाहन का दरवाजा खोलकर रवि पिल्ले को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह बोलेरो एक शराब ठेकेदार की थी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों से उफनते नालों और रपटों को पार करने का जोखिम न उठाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story