जबलपुरः मझौली में प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट लगने से दो युवकों की मौत, कई झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः मझौली में प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट लगने से दो युवकों की मौत, कई झुलसे


जबलपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के मझौली में बुधवार देर रात दुर्गा महाकाली प्रतिमा विसर्जन के दौरान नीला तालाब के पास विसर्जन जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में दो युवकों प्रिंस चौहान और विकास राजपूत की मौत हो गई, जबकि कई लोग करंट से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब एक बजे श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली पर लगे लोहे के ढांचे अथवा सजावट में इस्तेमाल की गई रॉड के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने की आशंका जताई जा रही है। तार के संपर्क में आते ही ट्रॉली में करंट फैल गया, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए।

अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। करंट की चपेट में आने से कई लोग झुलस गए। हादसे में प्रिंस चौहान और विकास राजपूत की जान चली गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। हालांकि, घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मझौली थाने के सामने हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया।

प्रतिमा विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान बिजली की हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा इंतजामों को लेकर इस हादसे ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लोहे के ढांचे और सजावट के साथ श्रद्धालुओं के आवागमन के दौरान बिजली लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764721 Articles

Share this story