जबलपुर: तेज रफ्तार बाइक कार से भिड़ी, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर: तेज रफ्तार बाइक कार से भिड़ी, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल


जबलपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिल के बहोरीबंद थाना क्षेत्र के नीमखेड़ा मोड़ के पास शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवक सड़क के दूसरी ओर जाकर सामने से आ रही कार से जा भिड़े। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबक‍ि दूसरा घायल हो गया।

15 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे इस हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार एक युवक उछलकर करीब 50 फीट दूर जा गिरा। बहोरीबंद थाना के ग्राम मसन्धा निवासी घायल युवक ने राहगीरों के सामने ही कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार दूसरा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

बाइक सवार बहोरीबंद से सिहोरा की तरफ आ रहे थे जबकि कार सवार सभी लोग कुंडलपुर दर्शन को जा रहे थे। हादसा इतना तेज था कि कार के एयरबैग तक खुल गए थे, जबकि कार सवार ने बचाने के प्रयास में कार को सड़क के नीचे उतार लिया था। टक्कर में बाइक और कार के अगले हिस्से में भारी क्षति पहुंची है। घटना की सूचना मिलने पर बहोरीबंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक एवं घायल युवक की पहचान तथा हादसे के कारणों की जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story