जबलपुर : बरेला में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : बरेला में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत


जबलपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरेला टोल नाके के समीप कोसमघाट स्थित डॉन बॉस्को स्कूल के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह के मुताबिक शाम करीब चार बजे हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने कार क्रमांक एमपी 51 जेडबी 3909 के गंभीर रूप से घायल चालक को एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल अस्पताल भेजा। वहीं, मृत दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के प्रथम दृष्टया बीजाडांडी और मंडला क्षेत्र के निवासी होने की जानकारी मिली है। हालांकि, देर शाम तक दोनों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। हादसे के कारणों और कार की रफ्तार को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story