सड़क हादसे में मददगार बने जबलपुर कलेक्टर, पलटे ऑटो में फंसे यात्रियों को निकाला, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में मददगार बने जबलपुर कलेक्टर, पलटे ऑटो में फंसे यात्रियों को निकाला, घायलों को पहुंचाया अस्पताल


जबलपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बिलहरी क्षेत्र स्थित डीमार्ट के पास बुधवार को सवारियों से भरा एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कई यात्री ऑटो के अंदर फंस गए, जबकि कुछ उसके नीचे दब गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बचाने में मदद की। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पलटे ऑटो को सीधा कराया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।

कलेक्टर विश्वकर्मा ने घायलों को पीछे से आ रहे खनिज विभाग के वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया। उन्होंने मौके से ही जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी को फोन कर घायलों का समुचित और त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जानकारी के अनुसार, ऑटो रिक्शा में तीन महिलाएं, एक बच्चा, एक पुरुष और चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। हादसे में एक बच्चे और एक महिला सहित चार लोग घायल हुए, जिन्हें खनिज विभाग के वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के दौरान कलेक्टर की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से ऑटो में फंसे यात्रियों को समय रहते बाहर निकाला जा सका। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था से उन्हें उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story