अनूपपुर: एबीवीपी ने बिजुरी कॉलेज में तालाबंद कर किया प्रदर्शन, प्राचार्य पर भ्रष्टाचार, उदासीनता का आरोप
अनूपपुर, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की बिजुरी नगर इकाई ने सोमवार को शासकीय महाविद्यालय बिजुरी में व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला बंदी करते हुए कॉलेज परिसर में दो घंटे तक नारेबाजी की और प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो परिषद उग्र आंदोलन करेगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य पर उदासीन रवैये का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सार्थक एप्लीकेशन पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कॉलेज से अनुपस्थित रहते हैं और व्यक्तिगत कार्यों में व्यस्त रहते हैं। संगठन ने कॉलेज के बजट में हेराफेरी और छात्रों को कार्यक्रमों की सूचना न देकर फंड का दुरुपयोग करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।
छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए। एबीवीपी ने शिकायत की कि मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड न होने के कारण असामाजिक तत्व छात्रों से मारपीट करते हैं। छात्राओं के लिए सेनेटरी वेंडिंग मशीन और फर्स्ट एड बॉक्स की भी कोई व्यवस्था नहीं है। संगठन ने बताया कि कॉलेज की लाइब्रेरी में पर्याप्त किताबें नहीं हैं, वाई-फाई सेवा बंद है और प्रयोगशाला (प्रैक्टिकल लैब) में पुराने व जंग लगे उपकरणों से पढ़ाई कराई जा रही है। कुछ शिक्षकों पर धूम्रपान कर कॉलेज आने का आरोप भी लगाया गया। इसके अतिरिक्त, समय सारणी के अनुसार कक्षाएं नहीं लगतीं और छात्रों को टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) के लिए तीन-तीन दिन तक भटकना पड़ता है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज में खेल सामग्री, पीने के साफ पानी और शौचालय की उचित व्यवस्था न होने का मुद्दा भी उठाया। छात्र संगठन ने स्पष्ट किया कि उन्हें अब केवल कोरा आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव चाहिए। उन्होंने अपनी मांगों पूरी न होने पर कॉलेज में तालाबंदी की चेतावनी भी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

