जबलपुर : महाकाेशल कॉलेज में एनएसयूआई, एबीवीपी आमने-सामने, छात्र संघ चुनाव की सुगबुगाहट के बीच बढ़ी सियासी हलचल

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : महाकाेशल कॉलेज में एनएसयूआई, एबीवीपी आमने-सामने, छात्र संघ चुनाव की सुगबुगाहट के बीच बढ़ी सियासी हलचल


जबलपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग के बीच कॉलेज परिसरों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार शाम शासकीय महाकोशल कॉलेज परिसर में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भारी बारिश के बावजूद दोनों संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।

एनएसयूआई के नेता अनुराग शुक्ला ने आरोप लगाया कि एबीवीपी द्वारा जबरन रसीद काटकर सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है और कॉलेज परिसर में अराजक माहौल बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि एनएसयूआई कॉलेज में लैब सुविधाओं में सुधार, कंप्यूटर व्यवस्था और बाहरी तत्वों के प्रवेश पर रोक जैसी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने पहुंची थी, लेकिन एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।

वहीं एबीवीपी के सीडब्ल्यूसी सदस्य माखन शर्मा ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि परिषद शांतिपूर्ण तरीके से सदस्यता अभियान चला रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएसयूआई कार्यकर्ता अनावश्यक विरोध कर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे, जिसे कॉलेज के छात्रों ने समर्थन नहीं दिया।

दोनों संगठनों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए कॉलेज परिसर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की सतर्कता के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और स्थिति नियंत्रण में रही। मूसलाधार बारिश के बीच भी दोनों पक्षों के कार्यकर्ता काफी देर तक परिसर के बाहर डटे रहे और अपने-अपने पक्ष में नारेबाजी करते रहे।

छात्र संघ चुनावों को लेकर प्रदेशभर में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के बीच महाकोशल कॉलेज की यह घटना छात्र राजनीति के बढ़ते तापमान का संकेत मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story