राजगढ़ःधारा 52 लागू करने की मांग को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन, सड़क पर बैठकर जताया विरोध
राजगढ़, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ब्यावरा इकाई ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में धारा 52 लागू करने की मांग को लेकर शासकीय पीजी कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर से बाहर निकलकर सड़क पर धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय और प्रशासन विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। प्रदर्शन के दौरान परिषद पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की, लेकिन काफी देर तक कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। इससे आक्रोशित कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और परिषद पदाधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने सुठालिया तहसीलदार रामनिवास धाकड़ को मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में धारा 52 लागू करने के साथ-साथ विद्यार्थियों की लंबित शैक्षणिक समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई।इस मौके पर नगर मंत्री राकेश सोंधिया ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन में कल्पना सेन, जीत शिवहरे, हरिओम सोंधिया, भविष्य, धीर, अनुज, ईश्वर, देवराज सोंधिया, लोकेंद्र, भूपेंद्र और उज्ज्वल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। परिषद ने विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

