इंदौर में डीएवीवी गेट पर एबीवीपी का धरना, निगम से छात्र सुविधाएं बढ़ाने की मांग
इंदौर, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) में छात्र सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी और कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर पहुंचे और धरने पर बैठकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।
धरने के कारण भंवरकुआं से आईटी पार्क की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। करीब आधा किलोमीटर से अधिक दूरी तक वाहनों की कतार लग गई। वाहन धीमी गति से आगे बढ़ते रहे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बस स्टॉप और शुल्क कम करने की मांग
एबीवीपी की प्रमुख मांगों में स्कूल ऑफ फार्मेसी के सामने सिटी बस स्टॉप की व्यवस्था करना शामिल है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यहां बस स्टॉप नहीं होने से विद्यार्थियों को आने-जाने में परेशानी होती है। इसके अलावा सिटी बस के बढ़े हुए बस पास शुल्क को कम करने की मांग भी की गई। कार्यकर्ताओं ने डीएवीवी के मुख्य गेट के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग रखी। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय के मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गति नियंत्रित करने के इंतजाम जरूरी हैं।
गर्ल्स हॉस्टल रोड पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग
एबीवीपी ने डीएवीवी गर्ल्स हॉस्टल की सर्विस रोड पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग भी की। छात्र संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि विश्वविद्यालय और छात्रावास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर किए जाने की जरूरत है।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि ये समस्याएं विद्यार्थियों से सीधे जुड़ी हैं और लंबे समय से सामने आ रही हैं। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों से मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

