राजगढ़ः छात्रावास अधूरा, लैब बंद और सफाई व्यवस्था बदहाल,एबीवीपी ने कॉलेज का घेराव कर सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः छात्रावास अधूरा, लैब बंद और सफाई व्यवस्था बदहाल,एबीवीपी ने कॉलेज का घेराव कर सौंपा ज्ञापन


राजगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शासकीय महाविद्यालय ब्यावरा की अव्यवस्थाओं और छात्रहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ब्यावरा इकाई ने शुक्रवार को महाविद्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में परिषद ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।

ज्ञापन में वर्षों से अधूरे पड़े छात्रावास का निर्माण जल्द पूरा कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराने, परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने और भवन की आवश्यक पुताई व मरम्मत कराने की मांग की गई। इसके साथ ही कक्षाओं का नियमित संचालन, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए नियमित बैठक तथा शैक्षणिक हित में सभी आवश्यक लैब नियमित रूप से संचालित करने की मांग भी रखी गई।

कॉलेज अध्यक्ष विशाल दांगी और उपाध्यक्ष हरिओम सोंधिया ने कहा कि छात्रहित की मांगों से परिषद किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थियों के साथ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण का केंद्र है। ऐसे में यहां व्यवस्थित कक्षाएं, स्वच्छ परिसर, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और नियमित शैक्षणिक गतिविधियां होना जरूरी है। विद्यार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाना चाहिए। इस दौरान नगर मंत्री राकेश सोंधिया, नगर सहमंत्री धीर लश्करी, भूपेंद्र लश्करी, अमन पुष्पद, लोकेंद्र विश्वकर्मा, कपिल सोंधिया, मोहन सोंधिया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story