जबलपुर : ज्ञान गंगा महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन, प्राचार्या को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : ज्ञान गंगा महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन, प्राचार्या को सौंपा ज्ञापन


जबलपुर, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शुक्रवार को ज्ञान गंगा महाविद्यालय में व्याप्त छात्रहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर प्राचार्या को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

एबीवीपी पदाधिकारियों और विद्यार्थियों का आरोप है कि महाविद्यालय में लंबे समय से कई समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे छात्रों को शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद महाविद्यालय प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए, जिससे विद्यार्थियों में असंतोष बढ़ रहा है।

ज्ञापन में परिषद ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय परिसर में नशीले पदार्थों का सेवन और वितरण जैसी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं, जिससे संस्थान की छवि प्रभावित हो रही है तथा विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा छात्रों से लेट फीस के नाम पर अधिक शुल्क वसूले जाने का भी आरोप लगाया गया है।

परिषद ने एक छात्रा का मामला भी उठाया, जिसमें कथित रूप से महाविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण उसका परीक्षा फॉर्म समय पर अग्रेषित नहीं हो सका और वह परीक्षा देने से वंचित रह गई। एबीवीपी ने इसे छात्रा के भविष्य के साथ अन्याय बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

एबीवीपी के महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने कहा कि परिषद हमेशा छात्रहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना भी है।

परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगामी दिनों में व्यापक आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story