राजगढ़ः आरोग्य भारती के शिविर में दो घंटे तक योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास, नियमित योग का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः आरोग्य भारती के शिविर में दो घंटे तक योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास, नियमित योग का लिया संकल्प


राजगढ़, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा नगर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह सामाजिक, शैक्षणिक और शासकीय संस्थाओं की ओर से विभिन्न योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।

आरोग्य भारती द्वारा आयोजित विशेष योग शिविर में प्रतिभागियों को करीब दो घंटे तक योग की विभिन्न क्रियाओं, आसनों और प्राणायाम की विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर में उपस्थित लोगों ने योगाभ्यास करते हुए इसके शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों को समझा। कार्यक्रम में आरोग्य भारती के प्रांतीय सचिव डॉ. ओमप्रकाश सोनी ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने घर-परिवार में योग की परंपरा विकसित करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

डॉ. सोनी ने योग के आध्यात्मिक महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि योग आत्मिक शांति देता है और परमात्मा की अनुभूति का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ती बीमारियों के दौर में योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। शिविर में योगाचार्य डॉ. संतोष शिवहरे और संतोष सिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियां सिखाईं। साथ ही सही तकनीक और जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक कारपेंटर ने किया, जबकि आभार डॉ. गुलशन कारपेंटर ने माना। इसके अलावा शहर में ब्लॉक स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने भाग लेकर स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story