विसर्जन से लौटते समय ट्रैक्टर से गिरा युवक, कमर पर चढ़ा ट्रॉली का पहिया, मौत

WhatsApp Channel Join Now
विसर्जन से लौटते समय ट्रैक्टर से गिरा युवक, कमर पर चढ़ा ट्रॉली का पहिया, मौत


अनूपपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की रात बंजारी चौक के पास दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय ट्रैक्टर से गिरकर युवक की मौत हो गई। युवक ट्रैक्टर के इंजन और ट्रॉली के बीच बने जोड़ पर बैठा था। अचानक गिरने से ट्रॉली का पहिया उसकी कमर के ऊपर से गुजर गया। पूजा समिति के सदस्य उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला ने बताया कि कोतमा में बुधवार की रात रावण दहन के साथ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया गया था। वार्ड क्रमांक 8 में रेस्ट हाउस रोड के पास स्थापित प्रतिमा का विसर्जन रात करीब 12:50 बजे नगरपालिका द्वारा वार्ड क्रमांक 7 की कृषि उपज मंडी में बनाए गए कुंड में किया गया। विसर्जन के बाद युवक 25 वर्षीय शुभम बुनकर पुत्र दीपक बुनकर निवासी वार्ड क्रमांक 8, विकास नगर, अन्य वार्डवासियों के साथ घर लौट रहा था। वह ट्रैक्टर के इंजन और ट्रॉली के बीच बने जोड़ पर बैठा था। बंजारी चौक पर वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान ट्रॉली का बायां पहिया उसकी कमर के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद शिवम गुप्ता, शारदा साहू और अन्य लोगों ने घायल शुभम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव का गुरुवार की सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करा उन्हें सौंप दिया गया।

परिजनों के अनुसार, शुभम दो भाइयों में बड़ा था और उसकी एक बड़ी बहन भी है। परिवार में अभी किसी की शादी नहीं हुई थी। शुभम ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद नौकरी की तलाश कर रहा था। उसके पिता दीपक बुनकर कृषि विभाग के कोतमा विकासखंड में बैहाटोला में कार्यरत हैं।

पुलिस के अनुसार, जिस ट्रैक्टर से युवक लौट रहा था, वह कोतमा नगरपालिका का है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764850 Articles

Share this story