मकान निर्माण के दौरान हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मकान निर्माण के दौरान हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत


पन्ना, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अमानगंज क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 13 स्थित राघव मोहल्ला निवासी पुष्पेंद्र कोरी (32) पेशे से मिस्त्री था और शनिवार को एक मकान निर्माण कार्य में जुटा हुआ था। इसी दौरान वह वहां से गुजर रही हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया।

करंट का झटका इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही अचेत हो गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि पुष्पेंद्र कोरी अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता बिरजू कोरी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

Share this story