रफ्तार का कहर: सीमेंट से भरा ट्रक पेड़ से टकराकर पलटा, चालक गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
रफ्तार का कहर: सीमेंट से भरा ट्रक पेड़ से टकराकर पलटा, चालक गंभीर घायल


पन्ना, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में तेज रफ्तार का एक और खतरनाक मामला सामने आया है। पहाड़ीखेरा बस स्टैंड से करीब 400 मीटर दूर सतना-बांदा स्टेट हाईवे पर सीमेंट से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकरा गया और पलट गया। हादसा शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे हुआ।

बताया जा रहा है कि ट्रक सतना से बांदा की ओर जा रहा था, तभी तेज गति के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना में चालक विनोद कुमार तिवारी (52), निवासी ग्राम मनकहरी, थाना रामपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी पूर्वानंद मिश्रा और आरक्षक के. चौरसिया ने टीम के साथ राहत कार्य करते हुए घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां पास में ही एक स्कूल स्थित है और दिन के समय लोगों की आवाजाही रहती है। अगर यह दुर्घटना दिन में होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

गौरतलब है कि सतना-बांदा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है और तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि पहाड़ीखेरा क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की कमी है, जिसके चलते ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि इस व्यस्त मार्ग पर सख्ती से यातायात नियम लागू किए जाएं और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

Share this story