अनूपपुर: जिला न्यायालय परिसर में पौधरोपण एवं विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
अनूपपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन एवं हरित वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के मार्गदर्शन में गुरूवार को जिला न्यायालय परिसर, अनूपपुर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण माया विश्वलाल के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन विषयक विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण माया विश्वलाल द्वारा पौधरोपण कर किया। उन्होंने उपस्थितजनों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट (एक्सीलेंस) तुलसी कॉलेज, अनूपपुर के छात्र-छात्राओं, एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों तथा मूक-बधिर दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण माया विश्वलाल तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रावेन्द्र कुमार सोनी ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण का संरक्षण केवल व्यक्तिगत दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक एवं नैतिक उत्तरदायित्व भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण भावी पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के नियमित संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम में जिले के वाक एवं श्रवण बाधित दिव्यांगजनों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया।
प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय गंगाचरण दुबे, जिला न्यायाधीश नरेन्द्र पटेल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चैनवती ताराम, न्यायाधीश सुधा पाण्डेय, न्यायाधीश बॉबी सोनकर, न्यायाधीश सृष्टि साहू, ट्रेनी जज अर्पण चौधरी, जिला विधिक सहायता अधिकारी ब्रजेश पटेल, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल संतदास नापित, सहायक प्राध्यापक डॉ. तरन्नुम सहित न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में मूक-बधिर दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

