सोमवती अमावस्या पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सनकुआ और उनाव घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने किया स्नान

WhatsApp Channel Join Now
सोमवती अमावस्या पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सनकुआ और उनाव घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने किया स्नान


सोमवती अमावस्या पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सनकुआ और उनाव घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने किया स्नान


दतिया, 16 जून (हि.स.)। सोमवती अमावस्या के अवसर पर मध्य प्रदेश के दतिया जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों सनकुआ सिंध नदी घाट और उनाव की पहुंज नदी पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

सोमवार तड़के से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।

सनकुआ घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने सिंध नदी में आस्था की डुबकी लगाई। भीड़ लगातार बढ़ने के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर यातायात दबाव की स्थिति बनी रही।

अनुमान के अनुसार दोपहर तक करीब एक लाख श्रद्धालु घाटों पर पहुंच चुके थे, जबकि देर शाम तक यह संख्या और बढ़ने की संभावना जताई गई।

श्रद्धालुओं को नदी के मध्य भाग तक जाकर स्नान करते देखा गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार हाल के दिनों में नदी में डूबने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। घाटों पर पुलिस और आपदा प्रबंधन दल की तैनाती की गई थी, हालांकि भीड़ की तुलना में सुरक्षा संसाधन सीमित नजर आए।

वहीं पहुंज नदी घाट पर भी सुबह से आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने नदी में स्नान करने के बाद भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। पूरे दिन धार्मिक वातावरण बना रहा और घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही।

प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई, जबकि श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और निर्धारित क्षेत्रों में ही स्नान करने की अपील की गई। सोमवती अमावस्या के अवसर पर दोनों धार्मिक स्थलों पर आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story