बरबसपुर के बेटे सत्या तिवारी ने टीवी की दुनिया में बनाई पहचान, देशभर में बटोर रहे लोकप्रियता
उमरिया, 19 नवंबर (हि.स.)। छोटे से गांव से निकलकर मायानगरी मुंबई में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले सत्या तिवारी आज टीवी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के बरबसपुर गांव के इस युवा कलाकार ने लोकप्रिय धारावाहिकों में अभिनय कर न केवल मुंबईवासियों, बल्कि देशभर के दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है। स्टार प्लस के चर्चित धारावाहिक 'अनुपमा' में गौतम गांधी के मुख्य नकारात्मक किरदार के जरिए सत्या घर-घर पहचाने जा रहे हैं।
उमरिया जिला मुख्यालय से करीब 11 किलोमीटर दूर बरबसपुर निवासी सत्या तिवारी के पिता सुरेश तिवारी पुलिस विभाग में उप निरीक्षक (एसआई) रहे हैं। देशभक्ति और जनसेवा को समर्पित पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद वे गांव लौटकर खेती-किसानी कर रहे हैं। बेटे को टीवी पर अभिनय करते देख परिवार में खुशी के साथ गर्व का माहौल है।
सत्या ने 'गुप्ता ब्रदर्स', 'मेरी दुर्गा', 'काल भैरव रहस्य', 'नीरज एक नई पहचान' और 'रंग जाऊं तेरे रंग में' जैसे धारावाहिकों में अभिनय किया है। करीब 34 वर्ष की उम्र में इंडियन टेलीविजन अकादमी (आईटीए) अवार्ड से सम्मानित होकर उन्होंने जिले का गौरव बढ़ाया। बचपन से अभिनय का सपना देखने वाले सत्या के लिए गांव से मुंबई तक का सफर आसान नहीं रहा। कई मुश्किलों और असफलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे।
इंजीनियरिंग छोड़ अभिनय की राह चुनी
सत्या तिवारी ने बताया कि वे इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए बेंगलुरु गए थे। वहां पढ़ाई के साथ मॉडलिंग शुरू की और स्ट्रीट प्ले में भी हिस्सा लिया। धीरे-धीरे उन्हें महसूस हुआ कि इंजीनियरिंग उनकी रुचि का क्षेत्र नहीं है। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने मुंबई जाकर अभिनय में किस्मत आजमाने का फैसला किया। मुंबई में संघर्ष के दौरान उन्होंने करीब तीन से चार हजार ऑडिशन दिए। कई बार लोगों ने उन्हें अभिनय के लिए उपयुक्त नहीं बताया, लेकिन उन्होंने निराश होने के बजाय अपनी कोशिश जारी रखी।
सत्या के मुताबिक, उन्हें पहला बड़ा अवसर धारावाहिक 'मेरी दुर्गा' में नकारात्मक भूमिका के रूप में मिला। इस शो ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया। इसके निर्माता ने भी उन्हें प्रोत्साहित किया और आगे अन्य धारावाहिकों में काम करने के अवसर मिले। धीरे-धीरे वे करीब छह शो में काम कर चुके हैं। वर्तमान में वे स्टार प्लस के चर्चित धारावाहिक 'अनुपमा' में अभिनय कर रहे हैं। उनके अन्य शो भी स्टार प्लस और कलर्स जैसे चैनलों पर प्रसारित हो चुके हैं।
युवाओं को संदेश देते हुए सत्या ने कहा कि अपने सपनों को पूरा करने के लिए जिद्दी होना जरूरी है। लोग आपको परखेंगे और आपकी आलोचना भी करेंगे, लेकिन खुद पर भरोसा बनाए रखना चाहिए। अपने सपनों के प्रति सबसे ज्यादा वफादार खुद होना चाहिए और निरंतर मेहनत करते रहना चाहिए।
बेटे की सफलता पर पिता को गर्व
सत्या के पिता और सेवानिवृत्त उप निरीक्षक सुरेश तिवारी ने बताया कि बचपन से ही सत्या की रुचि खेलकूद और भागदौड़ में रही। पढ़ाई में भी वह अच्छा था। उनकी इच्छा थी कि बेटा पायलट बने और विमान उड़ाने का प्रशिक्षण ले, लेकिन सत्या ने अभिनय की दुनिया में अपना रास्ता चुना। आज बेटे को गांव से निकलकर मुंबई जैसे बड़े शहर में पहचान बनाते देख उन्हें बेहद खुशी और गर्व है।
सत्या तिवारी की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों और गांवों से बड़े सपने लेकर निकलते हैं। उन्होंने साबित किया है कि मंजिल तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां नहीं, बल्कि हौसला, मेहनत और अपने सपनों के प्रति दृढ़ विश्वास जरूरी है। 'कौन कहता है आसमान में सुराख नहीं होता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो'-इस पंक्ति को सत्या ने अपने संघर्ष और सफलता से सच कर दिखाया है। आज उनके इस मुकाम पर पूरे उमरिया जिले को गर्व है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

