अनूपपुर: एक ही परिवार के तीन लोगों को सांप ने डसा, बच्ची की मौत, माता-पिता का इलाज जारी

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: एक ही परिवार के तीन लोगों को सांप ने डसा, बच्ची की मौत, माता-पिता का इलाज जारी


अनूपपुर: एक ही परिवार के तीन लोगों को सांप ने डसा, बच्ची की मौत, माता-पिता का इलाज जारी


अनूपपुर: एक ही परिवार के तीन लोगों को सांप ने डसा, बच्ची की मौत, माता-पिता का इलाज जारी


अनूपपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को सांप ने काट लिया। अस्पताल ले जाते समय 6 वर्ष की बेटी ने दम तोड़ दिया जबकि माता-पिता भर्ती हैं।

घटना भेड़वाटोला गांव में गुरुवार-शुक्रवार की रात की है। भानु प्रताप सिंह पत्नी रेखा सिंह और बेटी माधवी सिंह के साथ बिस्तर पर सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब ढाई बजे भानु प्रताप को अपने पैर की उंगलियों में किसी जीव के काटने का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत उठकर देखा तो बिस्तर पर करैत सांप रेंग रहा था। भानु प्रताप ने तुरंत पत्नी और बच्चों को जगाया। परिवार के दूसरे लोगों को जानकारी दी। उनके भाइयों ने तुरंत गाड़ी की व्यवस्था की और पूरे परिवार को इलाज के लिए कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए लेकर रवाना हुए। अस्पताल के रास्ते में माधवी को उल्टी हुई। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने भानु प्रताप और रेखा की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एंटी स्नेक वेनम लगाया है।

मृतक माधवी के ताऊ अरुण सिंह ने कहा कि हम केवल भानु प्रताप को ही सर्पदंश का शिकार समझ रहे थे। बच्ची को उल्टी होने और उसकी मौत के बाद अहसास हुआ कि सांप ने उसे भी काटा था। चिकित्सालय पहुंचकर भानु के साथ रेखा और बेटे का मेडिकल चेकअप कराया। इसमें रेखा को भी काटे जाने की पुष्टि हो गई। फिलहाल, पुलिस ने बच्ची के शव को मॉर्चुरी में रखवाया है क्योंकि परिवार के बाकी सदस्य चिकित्सालय में भर्ती पीड़ितों की देखरेख में जुटे हैं।

छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता है बेटा

अरुण सिंह ने बताया कि भानु प्रताप खेती-किसानी करता है। उसका बेटा विष्णु प्रताप सिंह कक्षा छठवीं का छात्र है। वह निगवानी के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा है। घटना की जानकारी अभी तक उसे नहीं दी गई है। परिजन का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने और बेटी के अंतिम संस्कार के समय ही उसे बुलाया जाएगा।

जिला चिकित्सालय के चिकित्सक एनपी माझी ने बताया कि माधवी की मौत की सूचना भानु प्रताप और रेखा को नहीं दी है। उनका कहना है कि जहर के इलाज के मामले में मरीज को शांत रहने की हिदायत दी जाती है, ताकि उसकी रक्त धमनियां सामान्य तरीके से काम करें। बच्ची के बारे में सुनकर मरीज का ब्लड प्रेशर बढ़ने की आशंका है। इससे जहर तेजी से फैल सकता है या अन्य परेशानियां हो सकती हैं।

डॉ. माझी ने कहा- भानु प्रताप सिंह की हालत अभी पूरी तरह सामान्य नहीं है। अर्धबेहोशी जैसी स्थिति बनी हुई है, बीपी भी बढ़ा हुआ है। यदि कुछ समय में स्थिति नहीं सुधरेगी तो उन्हें बेहतर उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story