अशोकनगर जेल में बंदियों को संत निरंजन सागर का संदेश, कहा- अधर्मियों की नहीं, धर्मियों की संगति चुनें

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगर जेल में बंदियों को संत निरंजन सागर का संदेश, कहा- अधर्मियों की नहीं, धर्मियों की संगति चुनें


अशोकनगर जेल में बंदियों को संत निरंजन सागर का संदेश, कहा- अधर्मियों की नहीं, धर्मियों की संगति चुनें


अशोकनगर जेल में बंदियों को संत निरंजन सागर का संदेश, कहा- अधर्मियों की नहीं, धर्मियों की संगति चुनें


अशोकनगर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला जेल में शनिवार को दिगंबर संत आचार्य विद्यासागर जी एवं आचार्य समय सागर जी के शिष्य मुनि निरंजन सागर महाराज का मंगल आगमन हुआ। उन्होंने जेल में निरुद्ध बंदियों को धर्म, सदाचार और आत्मचिंतन का संदेश देते हुए जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा दी। महाभारत, रामायण और अन्य धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने बंदियों को अपराध से दूर रहकर सदाचारी जीवन अपनाने का आह्वान किया।

मुनि निरंजन सागर महाराज ने कहा कि मनुष्य को स्वयं तय करना चाहिए कि उसे अधर्मियों की संगति करनी है या धर्मियों की। महाभारत का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि शकुनि की सलाह मानने वाले कौरवों को पराजय का सामना करना पड़ा, जबकि भगवान श्रीकृष्ण के मार्गदर्शन में चलने वाले पांडव विजयी हुए। इससे सीख मिलती है कि जीवन में सही मार्गदर्शक का चुनाव कितना महत्वपूर्ण है। भगवान श्रीकृष्ण को आदर्श मानकर उनके बताए धर्म और सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए।

दूसरों के कर्म नहीं, अपने कर्मों का फल भोगना पड़ता है

महाराज ने डाकू और संत का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि डाकू के लूटे हुए धन का उपयोग भले ही दूसरे लोग और उसके परिवार के सदस्य कर लें, लेकिन उसके बुरे कर्मों का फल उसे स्वयं ही भोगना पड़ता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में सात्विकता अपनानी चाहिए। उन्होंने बंदियों से अपने विचारों और व्यवहार को शुद्ध बनाने तथा भविष्य में अपराध की राह पर नहीं चलने का संकल्प लेने की अपील की।

गुरु पर अटूट विश्वास ही सफलता का मार्ग

एकलव्य और गुरु द्रोणाचार्य का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में गुरु के प्रति पूर्ण श्रद्धा और विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्य से गलतियां हो सकती हैं, लेकिन जब उसका कृत्य गंभीर अपराध की श्रेणी में आ जाता है तो उसे जेल जाना पड़ता है। हालांकि जेल में आने के बाद भी जीवन सुधारने और नई शुरुआत करने का अवसर मिलता है।

रामायण का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि माता सीता निर्दोष थीं, फिर भी उन्हें अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ा। जीवन में कठिन परिस्थितियां आने पर भी व्यक्ति को धैर्य और सत्य का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए।

पूर्व डीएसपी रेखा जैन के प्रयासों की सराहना

मुनि निरंजन सागर महाराज ने सेवानिवृत्त डीएसपी रेखा जैन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बंदियों के जीवन में सुधार लाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। वे स्वभाव से कोमल होने के साथ व्यवहार में अनुशासित और कठोर रही हैं। बंदियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सुधार के लिए किए गए प्रयास सराहनीय हैं।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम में मुनि निरंजन सागर महाराज ने जेलर ललित दीक्षित, राजेश जैन (सीईओ), आरएआई मोनिका जैन सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले जेलकर्मियों और बेहतर कार्य करने वाले बंदियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में जेल अधीक्षक, जेल स्टाफ और बंदियों ने संतश्री के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story