उज्जैन में सर्प दंश से महाकाल की पालकी उठाने वाले कहार की मौत

WhatsApp Channel Join Now


उज्जैन, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में बाबा महाकाल की पालकी उठाने वाले कहार की शुक्रवार को सर्प दंश से मौत हो गई। वह अपने नए घर की सफाई करने के लिए गया था। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे काट लिया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसने दम तोड़ दिया।

अर्जुन (22) पुत्र तेजूलाल कहार निवासी नृसिंह घाट कॉलोनी भगवान महाकाल की सवारी में पालकी उठाने के काम के साथ ही सब्जी बेचने का काम करता था। कुछ महीनों पहले अर्जुन और उसके परिजनों ने हाटकेश्वर कॉलोनी में नया मकान खरीदा था। काफी दिनों से वहां कोई नहीं गया था। जल्द ही नए मकान में पूजा होने वाली थी। इसलिए शुक्रवार को वह अपने भाई के साथ सफाई करने के लिए गया था। सामान हटाने के दौरान घर में छीपे सांप ने अचानक उसके हाथ पर काट लिया। अचानक हुए घटनाक्रम से भाई घबरा गया और तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा। लेकिन वहां उपचार के दौरान अर्जुन ने दम तोड़ दिया। उक्त मामले में नीलगंगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story