अनूपपुर: सड़क किनारे खड़ी स्कूटी में बाइक सवार ने मारी टक्कर, तीन घायल
अनूपपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश एवं अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में अनियंत्रित बाईक खड़ी स्कूटी से जा टकराई, जिससे तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर सभी घायलों को तत्काल चिकित्सालय पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार अमरकंटक-शहडोल मार्ग जालेश्वर तिराहा पर शाम करीब तेज रफ्तार दो पहिया वाहन अनियंत्रित होकर खड़ी स्कूटी से जा टकराई, जिससे तीन लोग घायल हो गए। हर्राटोला पोडकी निवासी 32 वर्षीय मंगल माझी, अपनी नई बाईक की पूजा-अर्चना कर अमरकंटक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जालेश्वर तिराहा के मोड़ पर तेज गति के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ग्राम किरगी निवासी प्रिंस सोनी एवं उनकी चाची सुधा सोनी की स्कूटी से जा टकराया। दुघर्टना में बाईक सवार मंगल माझी को सिर एवं पैर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं प्रिंस सोनी और सुधा सोनी भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही अमरकंटक पुलिस थाना का बल तत्काल मौके पर पहुंचा और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक में भर्ती कराया, जहां उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि प्रिंस सोनी और सुधा सोनी अपने बच्चों के साथ अमरकंटक में मां नर्मदा के दर्शन-पूजन के बाद वापस लौट रहे थे और जालेश्वर तिराहा पर कुछ देर रुककर आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी यह हादसा हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

