उमरिया : कलकत्ता बाजार में लगी आग, 12 से 15 दुकानें जलकर खाक, लाखों रुपये का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
उमरिया : कलकत्ता बाजार में लगी आग, 12 से 15 दुकानें जलकर खाक, लाखों रुपये का नुकसान


उमरिया, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिला मुख्यालय स्थित नई सब्जी मंडी के कलकत्ता बाजार में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने बाजार की करीब 12 से 15 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने की सूचना मिलते ही बाजार में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास की 100 से अधिक दुकानें इसकी चपेट में आने से बच गईं। यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो नुकसान काफी अधिक हो सकता था।

बताया जाता है कि कलकत्ता बाजार में कोलकाता से व्यापारी बड़ी मात्रा में कपड़े लेकर पहुंचते हैं और यहां करीब एक माह के लिए अस्थायी दुकानें लगाते हैं। सस्ते दामों पर विभिन्न प्रकार के कपड़े उपलब्ध होने के कारण बाजार में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में आग लगने से कई व्यापारियों का सामान पूरी तरह जल गया।

फायर ब्रिगेड कर्मचारी गेंद लाल यादव ने बताया कि रात में वे पुराने बस स्टैंड में मटकी फोड़ प्रतियोगिता में मौजूद थे। इसी दौरान आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि करीब 2 बजकर 29 मिनट पर सूचना प्राप्त होते ही टीम तत्काल कलकत्ता बाजार पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। यादव के अनुसार आग की चपेट में करीब 12 से 15 दुकानें आई हैं।

व्यापारियों के मुताबिक आग से दुकानों में रखा लाखों रुपये का कपड़ा और अन्य सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकड़ा आग से प्रभावित दुकानों में रखे सामान के आकलन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

कलकत्ता बाजार में इस तरह आग लगने की यह पहली बड़ी घटना बताई जा रही है। फिलहाल आग किस वजह से लगी, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और संबंधित अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। आग शॉर्ट सर्किट अथवा किसी अन्य वजह से लगी, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रात के समय बाजार में आग लगने के कारण आसपास के दुकानदारों और व्यापारियों में भी दहशत का माहौल रहा। दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ी संख्या में दुकानों और करोड़ों रुपये के संभावित नुकसान को टाला जा सका।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Share this story