मंदसौरः महू-नीमच फोरलेन पर स्क्रैप से भरा लोडिंग वाहन पलटा

WhatsApp Channel Join Now


मंदसौर, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र में महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर सोमवार को एक लोडिंग वाहन हादसे का शिकार हो गया। स्क्रैप सामग्री से भरा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक एमपी 3 जीए 3596 दलौदा से स्क्रैप सामग्री लेकर फतेहगढ़ स्थित टीएमटी फैक्ट्री की ओर जा रहा था। वाहन निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था, तभी रास्ते में अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार चालक वाहन को संभाल नहीं सका और लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में भारी मात्रा में स्क्रैप सामग्री भरी हुई थी। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे के समय वाहन चालक कालू वाहन में मौजूद था। दुर्घटना में उसे मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसकी मदद की। राहत की बात यह रही कि चालक को गंभीर चोट नहीं लगी और उसकी जान सुरक्षित बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए। हादसे के बाद सड़क पर पलटे वाहन को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई। क्रेन की सहायता से वाहन को सीधा किया गया और सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से संचालित होने लगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के समय आसपास कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था। यदि उस समय कोई वाहन पास से गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story