शहडोल : बहन संग सो रही बच्ची को उठा ले गया तेंदुआ, घर से 300 मीटर दूर झाड़ियों में मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल : बहन संग सो रही बच्ची को उठा ले गया तेंदुआ, घर से 300 मीटर दूर झाड़ियों में मिला शव


शहडोल, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के तगावर गांव के बिजाहरा टोला में बुधवार की सुबह घर के बाहर परछी में अपनी बहन के साथ सो रही 15 वर्षीय किशोरी को तेंदुआ उठाकर ले गया। कुछ देर बाद घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव मिला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग और पुलिस की टीमें तेंदुए की तलाश में जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार सरस्वती सिंह गोंड अपनी बहन के साथ घर की परछी में सो रही थी। उनकी मां घर के अंदर बने कमरे में सो रही थीं। बताया गया कि घर में दरवाजा नहीं लगा था। इसी दौरान तड़के तेंदुआ घर में घुसा और सरस्वती को उठाकर ले गया। सुबह जब साथ सो रही बहन की नींद खुली तो बिस्तर पर सरस्वती नहीं मिली। उसने मां को जगाया। इसके बाद मां-बेटी ने उसकी तलाश शुरू की। घर से कुछ दूरी पर कंबल मिला, जबकि करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में सरस्वती का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।

ग्रामीणों ने सुबह करीब चार बजे घटना की सूचना ब्यौहारी पुलिस को दी। संवेदनशील मामला होने के कारण थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया। एसडीओपी सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। जंगली जानवर के हमले की पुष्टि होने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

दरवाजा नहीं होने से घर में घुसा तेंदुआ

डीएफओ तरुणा वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि यह वन क्षेत्र से लगा हुआ हैं घर में दरवाजा नहीं होने के कारण तेंदुआ अंदर घुसा और किशोरी को उठा ले गया। मृतका के पिता शिवचरण महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। घर में मां और दो बेटियां थीं। वन विभाग की ओर से नियमानुसार मिलने वाली सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय है। बड़ी संख्या में ग्रामीण तेंदुए की तलाश में जुटे हैं। वन विभाग और पुलिस की कई टीमें आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story