शहडोल : दीयों की लौ में रोशन हो रही तीन पीढ़ियों की विरासत

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल : दीयों की लौ में रोशन हो रही तीन पीढ़ियों की विरासत


शहडोल : दीयों की लौ में रोशन हो रही तीन पीढ़ियों की विरासत


शहडोल, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली का पर्व रोशनी, आस्था और खुशियों का प्रतीक है। घरों को रोशन करने के लिए बाजार में भले ही चाइनीज झालरों और आधुनिक सजावटी लाइटों की चमक बढ़ गई हो, लेकिन मिट्टी के दीयों का महत्व आज भी कायम है। इन दीयों की लौ केवल घरों को ही रोशन नहीं करती, बल्कि उन कुम्हार परिवारों के जीवन में भी उजाला लाती है, जिनकी कई पीढ़ियां इस पारंपरिक व्यवसाय को संभालती आ रही हैं।

भारतीय संस्कृति में मिट्टी के दीयों का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। दीपावली पर मिट्टी के दीपक जलाने की परंपरा सदियों पुरानी है। मान्यता है कि दीप प्रज्ज्वलित करने से अंधकार दूर होता है और घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। वहीं मिट्टी से बने दीपक प्रकृति और धरती से जुड़ाव का भी प्रतीक हैं। ग्रामीण अंचलों में आज भी दीपावली पर घरों के आंगन, तुलसी चौरा, मंदिर और घर के प्रवेश द्वार पर मिट्टी के दीपक जलाए जाते हैं।

आधुनिकता के इस दौर में भी पारंपरिक दीयों की मांग बनी हुई है। दीपावली के नजदीक आते ही कुम्हार परिवार मिट्टी के दीये, कलश, मटके और अन्य पूजन सामग्री तैयार करने में जुट जाते हैं। यह काम उनके लिए केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही पारिवारिक विरासत है। स्थानीय कारीगरों से मिट्टी के उत्पाद खरीदना उनकी मेहनत और पारंपरिक कला को प्रोत्साहित करने का भी माध्यम है।

उत्तर प्रदेश से आकर धनपुरी में बसाया कारोबार

सोमवार को रवि जायसवाल से बहुभाषी न्यूज एजेंसी हिन्दु़स्थान समचार से बातचीत में बताया कि उनके परिवार का संबंध उत्तर प्रदेश से है। पहले उनके पिता खाने-पीने के कारोबार से जुड़े थे। बाद में उन्होंने धनपुरी में चाय बेचने का काम शुरू किया। अब वे स्वयं धनपुरी में रहकर परिवार का कारोबार संभाल रहे हैं। उनका परिवार मेहनत और परंपरा के सहारे अपनी आजीविका चला रहा है।

पुश्तैनी हुनर को आगे बढ़ा रहे फतौलाल

चंदिया निवासी फतौलाल प्रजापति बताते हैं कि मिट्टी के दीये बनाने का काम उनके परिवार में लंबे समय से चला आ रहा है। उनके पिता और बुजुर्ग भी इसी काम से जुड़े रहे हैं। अब वे स्वयं इस पारंपरिक हुनर को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके लिए यह केवल कारोबार नहीं, बल्कि परिवार की पहचान और पूर्वजों से मिली विरासत है।

चंदिया के मिट्टी के दीयों की अलग पहचान

नत्री चक्रवर्ती बताती हैं कि वह चंदिया के आगे के क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके परिवार में यह व्यवसाय शुरुआत से ही चला आ रहा है। चंदिया के मिट्टी के दीयों की अपनी अलग पहचान है। पीढ़ियों से मिट्टी के उत्पाद बनाने वाले परिवार आज भी अपने हुनर के माध्यम से परंपरा को जीवित रखे हुए हैं।

दीपावली पर मिट्टी के दीये खरीदना और उन्हें घरों में जलाना केवल एक धार्मिक परंपरा का निर्वहन नहीं, बल्कि स्थानीय कारीगरों के श्रम का सम्मान भी है। यदि लोग स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये और पारंपरिक उत्पाद खरीदने को प्राथमिकता दें, तो इससे इन परिवारों को रोजगार मिलेगा और मिट्टी से जुड़ी हमारी पारंपरिक कला भी आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story