अनूपपुर : 13वें दिन भी सक्रिय रहा हाथियों का दल, गांवों में घुसकर घरों और फसलों को पहुंचाया नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर : 13वें दिन भी सक्रिय रहा हाथियों का दल, गांवों में घुसकर घरों और फसलों को पहुंचाया नुकसान


अनूपपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में तीन जंगली हाथियों का दल लगातार 13वें दिन भी ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहा। बुधवार को हाथियों ने दिनभर बरबसपुर ग्राम पंचायत के भोलगढ़ वन बीट के जंगल में डेरा डाले रखा, जबकि रात होने पर भोजन की तलाश में गांवों की ओर रुख किया। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर घरों, बाड़ियों और खेतों में नुकसान पहुंचाया।

वन विभाग के अनुसार, हाथियों का यह दल 24 जून को छत्तीसगढ़ की सीमा से अनूपपुर जिले में दाखिल हुआ था। तब से तीनों हाथी जैतहरी और अनूपपुर क्षेत्र के जंगलों तथा आसपास के गांवों में लगातार विचरण कर रहे हैं। विभाग की टीमें उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात दो हाथी भोलगढ़ के जंगल से निकलकर राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते हुए वन विभाग की भोलगढ़ चौकी तक पहुंच गए। यहां उन्होंने परिसर की फेंसिंग और आरसीसी खंभों को नुकसान पहुंचाया तथा एक पक्के आवास की खिड़की तोड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर दोनों हाथी वहां से निकल गए। इसके बाद उन्होंने एक बैगा परिवार के मकान की दीवार क्षतिग्रस्त की और जंगल की ओर लौट गए।

बुधवार सुबह तीनों हाथी फिर भोलगढ़ के जंगल में देखे गए। दिनभर जंगल में रहने के बाद देर शाम वे खेल मैदान और राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास विचरण करते नजर आए, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना रहा।

वन विभाग ने बताया कि हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है और गश्ती दल ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक कर रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे हाथियों के करीब जाने या उन्हें उकसाने का प्रयास न करें तथा किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।

इस बीच निगरानी अभियान के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा नशे की हालत में वनकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। विभाग ने लोगों से सहयोग करने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story