अनूपपुर: कठौतिया जंगल में डेरा डाले तीन हाथी, फसलों व मकान को नुकसान, वन विभाग अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: कठौतिया जंगल में डेरा डाले तीन हाथी, फसलों व मकान को नुकसान, वन विभाग अलर्ट


अनूपपुर: कठौतिया जंगल में डेरा डाले तीन हाथी, फसलों व मकान को नुकसान, वन विभाग अलर्ट


अनूपपुर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में तीन हाथियों का दल क्षेत्र में लगातार विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। बुधवार सुबह यह दल वन परिक्षेत्र अहिरगवां के पश्चिम कठौतिया जंगल में पेड़ों के नीचे विश्राम करता देखा गया।

जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह समूह मंगलवार रात शहडोल जिले के सोहागपुर तहसील क्षेत्र से बुढार वन परिक्षेत्र की सीमा पार कर अनूपपुर वन मंडल में प्रवेश किया। इससे पहले दिनभर अरझुली पंचायत के जंगल में विश्राम करने के बाद शाम को सिलपरी गांव के पास खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाया।

हाथियों ने कठई गांव के जमुनिहाटोला निवासी दरवेश सिंह के मकान में तोड़फोड़ की, वहीं कोटद्वार गांव निवासी महेश सिंह के बाड़ी में घुसकर केले भी खाए। इसके बाद दल पूर्व कठौतिया के जंगल से होते हुए बुधवार सुबह पश्चिम कठौतिया बीट के बड़का उमरहा जंगल पहुंचा, जहां तीनों हाथी आराम कर रहे हैं।

वन विभाग के अनुसार, रात के समय हाथियों के शहडोल जिले के सोहागपुर क्षेत्र के तलवाटोला, कोटवार खुर्द, कोटवार कला और सामतपुर गांवों की ओर बढ़ने की संभावना है।

स्थिति को देखते हुए वन परिक्षेत्र अहिरगवां के अधिकारियों एवं अमले द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे दिन में महुआ बीनने या अन्य कार्यों के लिए जंगल न जाएं तथा शाम और रात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें। साथ ही हाथियों की गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग या स्थानीय जनप्रतिनिधियों को देने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story