अनूपपुर से शहडोल पहुंचे हाथियों का दल: बुढार के जंगलों में डेरा, वन विभाग अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर से शहडोल पहुंचे हाथियों का दल: बुढार के जंगलों में डेरा, वन विभाग अलर्ट


अनूपपुर, 24 मार्च (हि.स.)।

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बीते करीब तीन महीनों से लोगों के लिए दहशत बने तीन हाथियों का दल अब शहडोल जिले के बुढार वन परिक्षेत्र में पहुंच गया है। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात यह समूह अनूपपुर की सीमा पार कर हरदी बीट के अरझुली और सारंगपुर के बीच स्थित ‘कचरा’ नामक राजस्व जंगल में डेरा डाले हुए है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी स्वर्ण गौरव सिंह के अनुसार, यह दल रविवार को खांडा के जंगलों में देखा गया था। इसके बाद हाथियों ने खांडा, पोंडी और मानपुर होते हुए सोन नदी पार की और सोमवार सुबह चिल्हारी गांव के पास पहुंचे। दिनभर विश्राम करने के बाद रात में यह दल खम्हरिया बीट से आगे बढ़ते हुए शहडोल के बुढार रेंज के कपिलधार गांव तक पहुंच गया।

इस दौरान हाथियों ने रास्ते में नुकसान भी पहुंचाया। कपिलधार के पास किसान राम सिंह के बाड़ी में लगे कटहल के पेड़ों को नुकसान पहुंचाया गया। इससे पहले मेडियारास गांव में भी हाथियों ने उत्पात मचाते हुए अशोक पटेल और श्याममुरारी पटेल के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को बर्बाद कर दिया। साथ ही बिहार सोनी के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर रखा महुआ भी खा लिया।

लगातार स्थान बदल रहा यह हाथियों का दल सोमवार सुबह बकान नदी के किनारे वकानटोला में आम के पेड़ के नीचे विश्राम करता भी देखा गया था। अब इनके शहडोल पहुंचने से अनूपपुर और जैतहरी क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

वन विभाग हाई अलर्ट पर

हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए अनूपपुर और बुढार वन विभाग की संयुक्त टीम सतर्क हो गई है। वन अमले द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। अमरकंटक वन परिक्षेत्र अधिकारी वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सहायक जमुना सिंह मार्को और वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल सहित टीम पूरी रात गश्त कर रही है।

ग्रामीणों को दी गई चेतावनी

वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि रात में जंगल के पास स्थित कच्चे मकानों में अकेले न सोएं, सुरक्षित स्थानों पर रहें और हाथियों के करीब जाने या उन्हें उकसाने से बचें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story