खानपुरा शनि मंदिर में शनि जयंती पर महाप्रसादी, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ

WhatsApp Channel Join Now
खानपुरा शनि मंदिर में शनि जयंती पर महाप्रसादी, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ


मंदसौर, 16 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले के खानपुरा स्थित भगवान शनिदेव मंदिर में शनिवार को शनि जयंती का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजसेवी चयन कोमल बाफना परिवार द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की।

मंदिर परिसर में सुबह 10 बजे से देर रात तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। भगवान शनिदेव के भक्तों ने दर्शन-पूजन के साथ महाप्रसादी का लाभ लिया। बताया गया कि कोमल बाफना परिवार पिछले 16 वर्षों से लगातार शनि जयंती पर इस आयोजन का आयोजन करता आ रहा है और इस वर्ष 17वें वर्ष में भी परंपरा को जारी रखा गया।

शनि जयंती के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। शुक्रवार रात से ही पूरे मंदिर परिसर में रंग-बिरंगी रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई थी। वहीं गर्भगृह को मनमोहक पुष्पों से सजाकर भव्य रूप दिया गया।

दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शनिदेव के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। मंदिर की आकर्षक सजावट और धार्मिक वातावरण ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story